महोबा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत रविवार को जनपद महोबा में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के सहयोग से कम्युनिटी हॉल में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 64 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जेपी अनुरागी, मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जेपी अनुरागी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए सरकार द्वारा एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार कन्या के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और विवाह तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग कर रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बालिकाओं को जन्म से ही आर्थिक सहायता दी जाती है, जबकि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह के अवसर पर सहायता उपलब्ध कराई जाती है। योजना के तहत ₹64 हजार नगद, ₹21 हजार की सामग्री तथा ₹15 हजार भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों की महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस तथा निशुल्क राशन वितरण जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा है।
समारोह में उपनिदेशक कृषि, डीसी एनआरएलएम श्री अशोक कुमार, जिला विकास अधिकारी श्री पंकज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री शशिकांत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


