महोबा। जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने बिलबई रोड स्थित निर्माणाधीन जेल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करते हुए कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से ली।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए आवश्यकतानुसार कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवनों, बैरकों, प्रशासनिक परिसर, सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित संरचनाओं सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा प्रगति की समय-समय पर समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समयसीमा के अनुरूप पूरा हो सके।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।


