महोबा: आगामी नवरात्रि एवं दशहरा- पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री प्रभास कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। दुर्गा पूजा पंडालों, मंदिरों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
जिलाधिकारी ने निर्धारित स्थानों पर, देवी मूर्तियों की स्थापना किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया की मूर्तियों का विसर्जन निर्धारित स्थलों पर किया जाए एवं डीजे अनावश्यक रूप से तेज आवाज में ना बजाया जाए। उन्होंने बड़े पूजा पंडालों में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी लगाए जाने एवं अग्निशमन तथा विद्युत सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पूजा पंडालों के पास मीट की दुकानों को बंद रखे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पंडालों में दुर्गा मूर्तियां स्थापित करने वाले आयोजन समिति अपने वॉलिंटियर्स के परिचय पत्र अवश्य बनवाएं तथा रात में एक व्यक्ति पंडाल में अवश्य उपलब्ध रहे।
उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान जनपद में शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे का वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री नहीं भेजी जाए इस पर भी सतर्क दृष्टि रखी जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजनों एवं दशहरा के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों तथा रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने प्रमुख देवी मंदिरों के आसपास की सड़क मरम्मत किए जाने तथा शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पर्याप्त विद्युत की व्यवस्था सुबह एवं शाम को सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने शांति समिति के सदस्यों एवं जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग आपसी सहयोग, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री शशांक सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व श्री इन्द्र नंदन सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकान्त त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


